ताज़ा-ख़बर

बंद मकान में बुजुर्ग दंपती के छह दिन पुराने शव मिलने से सनसनी, हत्या-लूट की आशंका, फरार किराएदार पर शक

रिपोर्ट: VBN News Desk23 घंटे पहलेदेश

अलमारी खुली, सामान बिखरा और नकदी-गहने गायब! झांसी में दंपती की संदिग्ध मौत की जांच में जुटी पुलिस

बंद मकान में बुजुर्ग दंपती के छह दिन पुराने शव मिलने से सनसनी, हत्या-लूट की आशंका, फरार किराएदार पर शक

झांसी : सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के गोविंदपुरी कॉलोनी में शनिवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब एक बंद मकान के अंदर बुजुर्ग पति-पत्नी के करीब पांच से छह दिन पुराने शव बरामद हुए। दोनों शव घर में किराए पर दिए गए कमरे में जमीन पर पड़े थे। शवों की हालत काफी खराब हो चुकी थी और शरीर पर कीड़े पड़ गए थे। परिजनों ने हत्या के बाद लूटपाट की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान विश्वनाथ पाल (70) और उनकी पत्नी भुवन देवी (65) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से टोड़ी फतेहपुर थाना क्षेत्र के पुराबगरौनी गांव के निवासी थे। बताया जाता है कि करीब 25 वर्ष पहले दोनों झांसी के महीसागंज इलाके में आकर रहने लगे थे। वर्ष 2019 में उन्होंने गोविंदपुरी कॉलोनी में मकान बनवाया और वहीं रहने लगे। मृतक दंपती के बेटे जगपाल ने बताया कि वह अपने माता-पिता के मकान से करीब दो किलोमीटर दूर पत्नी और बच्चों के साथ रहता है। शनिवार शाम करीब 6:30 बजे किराएदार सतेंद्र ने उसे फोन कर बताया कि अंकल-आंटी न तो गेट खोल रहे हैं और न ही फोन उठा रहे हैं। इसके बाद जगपाल ने माता-पिता को कई बार फोन किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। रात में जगपाल मौके पर पहुंचा तो मकान का गेट अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो वह गेट फांदकर घर के अंदर पहुंचा। वहां किराएदार के कमरे में उसके माता-पिता के शव जमीन पर पड़े मिले। पति अर्द्धनग्न अवस्था में थे जबकि पत्नी कपड़े पहने हुई थीं। घर की अलमारी खुली मिली और सामान बिखरा पड़ा था। जगपाल ने आरोप लगाया कि उसकी मां ने पोती की शादी के लिए करीब दो लाख रुपये नकद और कुछ गहने रखे होने की बात बताई थी जो अब नहीं मिल रहे हैं। उसने यह भी दावा किया कि मुख्य गेट पर लगा ताला घर का नहीं था जिससे वारदात के बाद किसी के बाहर से ताला लगाकर फरार होने की आशंका जताई जा रही है। परिजनों के अनुसार करीब आठ दिन पहले जगपाल माता-पिता और किराएदार सतेंद्र के साथ घर पर मौजूद था। उसी दिन तीनों ने साथ भोजन किया था। परिजनों ने कमरे से खून से सने दो तौलिए मिलने की भी बात कही है। वहीं घटना की जानकारी देने वाला किराएदार सतेंद्र बाद में मोबाइल बंद कर फरार बताया जा रहा है। आईजी झांसी आकाश कुलहरि ने बताया कि दोनों शव करीब पांच से छह दिन पुराने और सड़-गल चुके हैं इसलिए प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बेटे द्वारा किराएदार पर शक जताए जाने के बाद उसे तलाशने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के खुलासे के लिए एसओजी और स्थानीय थाना पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। एसपी सिटी प्रीति सिंह को मामले का नोडल अधिकारी बनाया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

इन्हें भी पढ़ें.