पलामू के गौरव ब्राइटलैंड स्कूल के प्राचार्य राहुल सिंह को मिला पलामू व गढ़वा जिले के सीबीएसई सिटी को-ऑर्डिनेटर की कमान
शिक्षा जगत में उत्साह का माहौल, बधाईयों का लगा तांता

मेदिनीनगर (पलामू) : शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी खबर सामने आई है। स्थानीय बाईपास रोड स्थित ब्राइटलैंड स्कूल के प्राचार्य राहुल कुमार सिंह को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने पलामू व गढ़वा जिले का सिटी को-ऑर्डिनेटर नियुक्त किया है। इस तरह से पलामू का शिक्षा के क्षेत्र में नया मुकाम मिला है। पिछले कई वर्षों से राहुल सिंह की लगन, मेहनत व शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण को देखते हुए सीबीएसई जैसे बड़े संस्था ने उन्हें बड़ी जिम्मेवारी सौंपी है। राहुल सिंह की नियुक्ति से गढ़वा व पलामू के शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है। विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों व शिक्षाविदों ने इसे क्षेत्र की शैक्षणिक व्यवस्था के लिए सकारात्मक कदम बताया है। नई जिम्मेदारी के तहत राहुल कुमार सिंह पलामू व गढ़वा दोनों जिलों में सीबीएसई से संबंधित विभिन्न शैक्षणिक व प्रशासनिक कार्यों के संचालन व समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उनका प्रमुख दायित्व सीबीएसई की ओर से निर्धारित प्रक्रियाओं को समयबद्ध, पारदर्शी व व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने में सहयोग करना होगा। इसके साथ ही विभिन्न विद्यालयों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर भी जोर रहेगा। नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राहुल सिंह ने कहा कि पलामू व गढ़वा जैसे दो जिले के सिटी को-ऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए गर्व की बात है। यह अवसर विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों व शिक्षकों के साथ मिलकर शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि सीबीएसई के कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन, विद्यालयों के बीच सहयोगात्मक वातावरण व बेहतर समन्वय उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने मिली जिम्मेवारी के लिए सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय रांची के प्रति आभार जताया है। उन्होंने विश्वास दिलाया है कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निष्ठा व पारदर्शिता के साथ निर्वहन करेंगे। राहुल सिंह की नियुक्ति पर पलामू व गढ़वा जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों ने उनसे मिलकर गुलदस्ता भेंट कर बधाई दी है। साथ ही उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।