ताज़ा-ख़बर

आदित्यपुर के दो होटलों में पुलिस की औचक छापेमारी, 40 से 50 युवक-युवतियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया

रिपोर्ट: MANISH 1 घंटे पहलेझारखण्ड

सुधा डेयरी के पास और एनआईटी मोड़ स्थित होटलों में जांच, होटल संचालकों को चेतावनी, अन्य होटलों पर भी रहेगी नजर

आदित्यपुर के दो होटलों में पुलिस की औचक छापेमारी, 40 से 50 युवक-युवतियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया

आदित्यपुर : थाना क्षेत्र में अनैतिक और अवैध गतिविधियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद शनिवार को आदित्यपुर पुलिस ने दो होटलों में औचक छापेमारी की। पुलिस बाइक दस्ता और अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर टाटा-कांड्रा रोड स्थित श्रीडुंगरी में सुधा डेयरी के पास होटल ओ ऑक्सी क्वीन पैलेस तथा एनआईटी मोड़ स्थित होटल शुभेक्षा में जांच अभियान चलाया। पुलिस टीम के होटल परिसर में पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार कमरों में ठहरे कुछ युवक-युवतियों ने पुलिस को देखकर बाहर निकलने और परिसर से जाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने परिसर की घेराबंदी कर कई लोगों को रोका। कार्रवाई के दौरान दोनों होटलों से करीब 40 से 50 महिला और पुरुषों को संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया, जिन्हें पूछताछ के लिए थाने लाया गया।

होटल संचालकों से भी हुई पूछताछ

पुलिस ने दोनों होटल संचालकों को थाने बुलाकर पूछताछ की। संबंधित लोगों के परिजनों को भी सूचना दी गई। पुलिस की ओर से सभी को सख्त हिदायत और चेतावनी देने के बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर छोड़ दिया गया। हालांकि इस कार्रवाई में किसी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज होने या किसी आपत्तिजनक सामग्री की बरामदगी की जानकारी नहीं दी गई है।

अन्य होटलों में भी जांच जारी रहेगी

पुलिस के अनुसार क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिलने पर आगे भी जांच और छापेमारी की जाएगी। इस क्रम में होटल डाउनटाउन, सरिता कॉम्प्लेक्स के कमरों की भी जांच की गई। पुलिस के मुताबिक, वहां कोई आपत्तिजनक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र के अन्य होटलों पर भी निगरानी रखी जाएगी और शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इन्हें भी पढ़ें.