ताज़ा-ख़बर

आदित्यपुर के नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज को बड़ी उपलब्धि, पांच विभागों में 20 पीजी सीटों को एनएमसी की मंजूरी

रिपोर्ट: MANISH 33 मिनट पहलेझारखण्ड

एमबीबीएस मान्यता के एक वर्ष के भीतर एनएसएमसीएच को मिली सभी 20 पीजी सीटें, कोल्हान के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

आदित्यपुर के नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज को बड़ी उपलब्धि, पांच विभागों में 20 पीजी सीटों को एनएमसी की मंजूरी

आदित्यपुर : चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एनएसएमसीएच) को महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है। नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने संस्थान के पांच प्रमुख क्लिनिकल विभागों में स्नातकोत्तर (पीजी) की कुल 20 सीटों को मंजूरी प्रदान की है। सभी पांच विभागों में चार-चार सीटें स्वीकृत की गई हैं। एनएमसी से मिली मंजूरी के तहत एमडी जनरल मेडिसिन, एमएस जनरल सर्जरी, एमडी रेडियो डायग्नोसिस, एमएस ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी तथा एमडी एनेस्थीसियोलॉजी में पीजी की पढ़ाई शुरू करने का रास्ता साफ हुआ है। संस्थान के अनुसार, एमबीबीएस की मान्यता मिलने के महज एक वर्ष के भीतर सभी अनुशंसित 20 पीजी सीटों को स्वीकृति मिलना उल्लेखनीय है। इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह (एम.एम. सिंह) ने इसे संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि कॉलेज को पहले 200 एमबीबीएस सीटों की अनुमति मिली थी, जिन पर शत-प्रतिशत नामांकन हो चुका है। इसके बाद पांच प्रमुख विभागों में 20 पीजी सीटों के लिए आवेदन किया गया था। एनएमसी ने आवेदन के अनुरूप सभी सीटों को बिना किसी कटौती के मंजूरी दी है। चेयरमैन ने इस उपलब्धि का श्रेय संस्थान के चिकित्सकों, शिक्षकों और कर्मचारियों को दिया। उन्होंने कहा कि इससे कोल्हान क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। संस्थान के अनुसार पीजी पाठ्यक्रम शुरू होने से अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी। इससे 24 घंटे चिकित्सकीय सेवाओं में सहयोग मिलेगा और मरीजों के उपचार की व्यवस्था को लाभ पहुंचने की उम्मीद है।

इन्हें भी पढ़ें.