ताज़ा-ख़बर

खूंटी के कर्रा में अनियंत्रित 18 चक्का ट्रक ने सड़क पर खड़े लोगों को रौंदा, सात की मौत, कई घायल

रिपोर्ट: VBN News Desk14 घंटे पहलेझारखण्ड

जोने-लुदरू मोड़ पर दर्दनाक हादसा, पुलिया तोड़कर गड्ढे में गिरा ट्रक, चालक और खलासी फरार

खूंटी के कर्रा में अनियंत्रित 18 चक्का ट्रक ने सड़क पर खड़े लोगों को रौंदा, सात की मौत, कई घायल

खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात भीषण सड़क दुर्घटना हुई। कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर जोने-लुदरू मोड़ के समीप रात करीब 9:45 बजे एक अनियंत्रित 18 चक्का ट्रक ने सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में करीब सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक (जेएच 02 एजे 1377) तोरपा की ओर से कर्रा आ रहा था। इसी दौरान कर्रा रेलवे स्टेशन से तोरपा जाने वाली सड़क पर कॉलोनी के समीप ट्रक अनियंत्रित हो गया। सड़क पर मौजूद लोगों को रौंदते हुए ट्रक ने पुलिया को क्षतिग्रस्त कर दिया और गड्ढे में जा गिरा। घटना के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 9:30 बजे घटनास्थल के पास एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। उसकी आवाज सुनकर जोने-लुदरू मोड़ के समीप कॉलोनी के कुछ लोग घटनास्थल देखने के लिए सड़क पर पहुंचे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक वहां पहुंचा और लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीएचसी कर्रा के स्वास्थ्यकर्मियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों की मदद की। पुलिस ने दो घायल बच्चों को तत्काल सीएचसी कर्रा पहुंचाया जबकि अन्य घायलों को थाना वाहन से सदर अस्पताल खूंटी भेजा गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों बच्चों को भी बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में मृतकों और घायलों की विस्तृत पहचान तथा दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।

इन्हें भी पढ़ें.