ताज़ा-ख़बर

साउथ पार्क गोलचक्कर के पास स्कूली बच्चों से भरे ऑटो में लगी आग, वाहन जलकर राख

रिपोर्ट: VBN News Desk9 घंटे पहलेझारखण्ड

सेंट मेरिज स्कूल जा रहे बच्चे बाल-बाल बचे, दमकल की टीम ने आग पर पाया काबू

साउथ पार्क गोलचक्कर के पास स्कूली बच्चों से भरे ऑटो में लगी आग, वाहन जलकर राख

जमशेदपुर : शहर के साउथ पार्क गोलचक्कर के पास बुधवार सुबह स्कूली बच्चों से भरे एक ऑटो में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ऑटो सेंट मेरिज इंग्लिश हाईस्कूल की ओर जा रहा था। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा ऑटो जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी बच्चे या अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑटो चालक बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन से आग की लपटें उठने लगीं। ऑटो में आग लगते ही चालक और उसमें सवार बच्चों के बीच हड़कंप मच गया। समय रहते सभी बच्चे और चालक सुरक्षित बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर टाटा अग्निशमन विभाग की दमकल टीम घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ऑटो पूरी तरह जल चुका था। स्थानीय लोगों के मुताबिक ऑटो सीएनजी से संचालित था। हालांकि वाहन में आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। आग तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से लगी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद साउथ पार्क गोलचक्कर के आसपास कुछ समय तक लोगों की भीड़ जुटी रही। स्कूली बच्चों के वाहन में आग लगने की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता पैदा की है। फिलहाल सभी बच्चों के सुरक्षित बचने से परिजनों ने राहत की सांस ली।

इन्हें भी पढ़ें.