ताज़ा-ख़बर

रिम्स जमीन घोटाले में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, पूर्व भूमि सुधार उपसमाहर्ता समेत छह अधिकारी गिरफ्तार

रिपोर्ट: 11 घंटे पहलेझारखण्ड

पूर्व सीओ और निबंधन विभाग के अधिकारी भी शामिल, पद का दुरुपयोग कर निजी आर्थिक लाभ लेने के लिए षड्यंत्र रचने का आरोप

रिम्स जमीन घोटाले में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, पूर्व भूमि सुधार उपसमाहर्ता समेत छह अधिकारी गिरफ्तार

रांची। रिम्स जमीन घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची के पूर्व भूमि सुधार उपसमाहर्ता मनोज कुमार रंजन समेत छह अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारियों में बड़ागाईं अंचल के पूर्व अंचल अधिकारी शैलेश कुमार, रांची टाउन के पूर्व अंचल अधिकारी राजेश कुमार, तत्कालीन जिला अवर निबंधक अविनाश कुमार, राहुल कुमार चौबे और तत्कालीन डिप्टी रजिस्ट्रार वैभव मणि त्रिपाठी शामिल हैं।

यह कार्रवाई एसीबी रांची थाना कांड संख्या 01/2026 के तहत की गई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक षड्यंत्र और पद के दुरुपयोग के आरोप में मुकदमा दर्ज है।

एसीबी की जांच में सामने आया है कि आरोपित अधिकारियों ने अपने पद पर रहते हुए निजी आर्थिक लाभ के लिए आपराधिक षड्यंत्र रचा और सरकारी पद का दुरुपयोग किया। ब्यूरो के अनुसार, सभी छह अधिकारी रिम्स जमीन घोटाले में संलिप्त पाए गए हैं। फिलहाल गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि रिम्स की जमीन पर अतिक्रमण के मामले में एसीबी ने पांच जनवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज की थी। झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश और मंत्रिमंडल निगरानी एवं सचिवालय के निर्देश पर यह कार्रवाई शुरू की गई थी।

इस मामले में रिम्स प्रबंधन, राजस्व कार्यालय, रांची नगर निगम, निबंधन कार्यालय, रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (रेरा) और रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार (आरआरडीए) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अलावा अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है।

इन्हें भी पढ़ें.