ताज़ा-ख़बर

कोल्हान में वन माफियाओं पर लगाम लगाने के लिए रेंजर की नियुक्ति जरूरी : प्राकृतिक रक्षक संस्था

रिपोर्ट: MANISH 1 घंटे पहलेझारखण्ड

पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में महीनों से खाली हैं वन क्षेत्र पदाधिकारी के पद, मुख्यमंत्री को सौंपा आवेदन

कोल्हान में वन माफियाओं पर लगाम लगाने के लिए रेंजर की नियुक्ति जरूरी : प्राकृतिक रक्षक संस्था

जमशेदपुर : कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में वन एवं पर्यावरण की सुरक्षा को लेकर प्राकृतिक रक्षक संस्था ने वन क्षेत्र पदाधिकारी (रेंजर) के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की मांग की है। संस्था के महासचिव हेमंत वर्मा ने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आवेदन सौंपकर वन विभाग में रिक्त पदों को तत्काल भरने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री को भेजे गए आवेदन में कहा गया है कि दोनों जिलों में वन सुरक्षा के लिए नियुक्त कई वन क्षेत्र पदाधिकारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनके सेवानिवृत्त होने के कई महीने बाद भी रिक्त पदों पर नई नियुक्ति नहीं की गई है। इसके कारण वन संपदा की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण में परेशानी हो रही है। संस्था ने आरोप लगाया है कि वन क्षेत्र पदाधिकारियों की कमी का फायदा उठाकर वन एवं जमीन माफिया कथित रूप से वन संपदा को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वन भूमि पर अतिक्रमण, पेड़ों की अवैध कटाई और वन क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने जैसी गतिविधियों से सरकारी राजस्व के साथ पर्यावरण को भी क्षति हो रही है। इसका असर जंगलों से घिरे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब रैयतों और लकड़ी के कारोबार से जुड़े व्यापारियों पर भी पड़ रहा है। महासचिव हेमंत वर्मा ने कहा कि वन और वनभूमि की सुरक्षा केवल पर्यावरण संरक्षण का विषय नहीं बल्कि राज्य की प्राकृतिक संपदा और राजस्व से भी जुड़ा है। अधिकारियों के पद लंबे समय तक रिक्त रहने से अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण में कठिनाई होती है। उन्होंने मांग की कि रिक्त पदों पर अनुभवी और वन क्षेत्र की अच्छी जानकारी रखने वाले पदाधिकारियों की शीघ्र नियुक्ति की जाए। आवेदन की प्रतिलिपि झारखंड सरकार के जलवायु परिवर्तन, वन एवं पर्यावरण विभाग के सचिव, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (HOFF/PCCF) तथा कोल्हान आयुक्त को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। संस्था ने उम्मीद जताई है कि सरकार इस मामले में जल्द निर्णय लेकर वन एवं वनभूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।

इन्हें भी पढ़ें.