ताज़ा-ख़बर

लंबे समय बाद विधानसभा पहुंचे बसंत सोरेन, सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष ने किया गर्मजोशी से स्वागत

रिपोर्ट: VBN News Desk39 मिनट पहलेझारखण्ड

बीमारी से उबरकर विधायी गतिविधियों में लौटे झामुमो विधायक, एमएमडीआर पर चर्चा में शामिल होने पहुंचे

लंबे समय बाद विधानसभा पहुंचे बसंत सोरेन, सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष ने किया गर्मजोशी से स्वागत

रांची : झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान गुरुवार को उस वक्त सदन का माहौल खास हो गया, जब लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक बसंत सोरेन विधानसभा पहुंचे। बीमारी के कारण लंबे समय तक सदन की कार्यवाही से दूर रहने के बाद उनकी उपस्थिति पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने प्रसन्नता जाहिर की और गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। विधानसभा पहुंचने पर विधानसभा अध्यक्ष ने बसंत सोरेन का स्वागत करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने और पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस दौरान सदन के कई सदस्यों ने उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। विधायकों ने उनके जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर दोबारा सक्रिय राजनीतिक और विधायी भूमिका निभाने की उम्मीद जताई। विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बसंत सोरेन ने कहा कि सदन में एमएमडीआर को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होनी है। इसी चर्चा में भाग लेने के उद्देश्य से वह विधानसभा पहुंचे हैं। इसके बाद वह कुछ समय तक सदन में मौजूद रहे। इस दौरान गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी उनके साथ सदन में बैठी नजर आईं। गौरतलब है कि बसंत सोरेन लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण विधानसभा की कार्यवाही में नियमित रूप से शामिल नहीं हो पा रहे थे। इलाज के लिए झारखंड से बाहर रहने के बाद उनकी सदन में वापसी को पार्टी के नेताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों ने राहत और खुशी के रूप में देखा। उनकी उपस्थिति से झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी उत्साह देखा गया। उम्मीद जताई जा रही है कि स्वास्थ्य में सुधार के साथ बसंत सोरेन जल्द ही अपनी विधायी और राजनीतिक गतिविधियों में पहले की तरह सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

इन्हें भी पढ़ें.