वार्ड 17 में तेजस्विनी बहनों ने धूमधाम से मनाया संविधान दिवस
पार्षद नीतू शर्मा की अध्यक्षता में प्रस्तावना का सामूहिक पाठ, न्याय-समानता और बंधुत्व की रक्षा का लिया संकल्प

आदित्यपुर : नगर निगम के वार्ड संख्या 17 में गुरुवार, 26 नवंबर को संविधान दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर वार्ड की तेजस्विनी बहनों और समूह की सदस्यों ने एकजुट होकर संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर उसके मूल आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड पार्षद नीतू शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से देश के प्रत्येक नागरिक को समानता का अधिकार प्रदान किया। जाति, धर्म, लिंग और आर्थिक स्थिति के आधार पर भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को समान दर्जा और अधिकार देना संविधान की महत्वपूर्ण विशेषता है। पार्षद नीतू शर्मा ने कहा कि बाबा साहेब का संदेश था, शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो। आज तेजस्विनी बहनों ने इसी विचार को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि वार्ड का वास्तविक विकास तभी संभव है जब महिलाएं शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनें। महिलाओं की सामाजिक एवं आर्थिक भागीदारी से ही समाज मजबूत होगा। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों की रक्षा करने तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली। इस दौरान बाबा साहेब के जीवन संघर्ष और उनके योगदान पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा और संघर्ष के बल पर देश के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में “जय भीम, जय संविधान और जय हिंद” के नारे लगाए। मौके पर पार्षद नीतू शर्मा, रुमा कुमारी, किम्मी कुमारी, अर्चना कुमारी सहित वार्ड की तेजस्विनी महिलाएं, समूह की सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।