ताज़ा-ख़बर

इडियट टिप्पणी पर अर्जुन मुंडा का समर्थन, कांग्रेस के प्रदर्शन को बताया विक्षिप्त मानसिकता

रिपोर्ट: MANISH 20 घंटे पहलेझारखण्ड

सरायकेला में अर्जुन मुंडा का चुनावी शंखनाद, सुमित चौधरी के समर्थन में की अपील

इडियट टिप्पणी पर अर्जुन मुंडा का समर्थन, कांग्रेस के प्रदर्शन को बताया विक्षिप्त मानसिकता

सरायकेला : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा शुक्रवार को सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद प्रत्याशी सुमित चौधरी के पक्ष में चुनावी प्रचार किया। अपने कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने जिला बार एसोसिएशन के सदस्यों के साथ बैठक से की और सुमित चौधरी को समर्थन देने की अपील की। इसके बाद व्यापारियों एवं बुद्धिजीवियों के साथ संवाद कर नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवार को जिताने का आह्वान किया। मुंडा ने दावा किया कि राज्य के अधिकांश निकायों में भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशियों की जीत तय है। उन्होंने सुमित चौधरी को युवा, ऊर्जावान और कर्मठ बताते हुए कहा कि सरायकेला के विकास के लिए ऐसे नेतृत्व की जरूरत है। बीजेपी में असंतोष और बगावत के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह पार्टी आधारित चुनाव नहीं है और राजनीतिक महत्वाकांक्षा स्वाभाविक है। हालांकि उन्होंने इस मुद्दे पर सीधा जवाब देने से परहेज किया। राज्य में तीन वर्ष की देरी से हो रहे शहरी निकाय चुनाव को लेकर उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधा और विकास कार्यों में ठहराव के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया। पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भी उन्होंने भाजपा की सरकार बनने का दावा किया। इस दौरान गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को इडियट कहे जाने के सवाल पर मुंडा ने उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा एआई कॉन्फ्रेंस के विरोध में किया गया प्रदर्शन विक्षिप्त मानसिकता को दर्शाता है।

इन्हें भी पढ़ें.