चैनपुर में राष्ट्रीय जनजाति आयोग की सदस्य आशा लकड़ा ने सुनी जनसमस्याएं
अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

चैनपुर: प्रखंड मुख्यालय स्थित ब्लॉक परिसर के अध्ययन कक्ष में शुक्रवार को राष्ट्रीय जनजाति आयोग की सदस्य आशा लकड़ा की गरिमामयी उपस्थिति में जनसमस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चैनपुर प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ-साथ सभी पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से आयोग की सदस्य को अवगत कराया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा एवं जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर आशा लकड़ा के स्वागत से हुई। इसके बाद आदिवासी महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा एवं रीति-रिवाजों के साथ उनका पारंपरिक स्वागत करते हुए कार्यक्रम स्थल तक अगुवाई की।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय जनजाति आयोग की सदस्य आशा लकड़ा ने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की। उन्होंने प्रशासन को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बालू की उपलब्धता या अन्य किसी कारण से सरकारी विकास कार्य बाधित नहीं होने चाहिए। यदि किसी योजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक बाधा उत्पन्न हो रही है तो संबंधित अधिकारी तत्काल उसका समाधान सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों और एंबुलेंस की कमी के कारण कई मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता, जिससे कई लोगों की जान तक चली गई है। इस पर आशा लकड़ा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन योजना की भी शिकायत करते हुए बताया कि प्रखंड के आधे से अधिक गांवों में योजना सही ढंग से संचालित नहीं हो रही है। कई जगह पाइपलाइन और जलापूर्ति व्यवस्था खराब होने के कारण सुदूरवर्ती क्षेत्रों के लोगों को आज भी पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। इस पर आशा लकड़ा ने अधिकारियों को योजना की विस्तृत समीक्षा कर खराब पड़ी योजनाओं को शीघ्र दुरुस्त कराने तथा हर घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई मुद्दे भी उठाए, जिन पर राष्ट्रीय जनजाति आयोग की सदस्य ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को गंभीरता से कार्रवाई करने और समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर अंचलाधिकारी दिनेश गुप्ता, सीओ नरेन्द्र सेठ,आपूर्ति पदाधिकारी अरुण यादव बीपीओ संदीप उराँव, पंचायत सचिव राममोहन साहू,महताब आलम संतोष यादव अल्बर्ट तिग्गा रघुनंदन प्रसाद मनोहर बड़ाईक प्रमोद खलखो कमलेश बरवा कृष्णा उराँव शोभा देवी बुधराम नायक संगीता देवी कलावती देवी रुक्मिणी देवी सीता देवी अनिता देवी दीपक रजक सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।