जादूगोड़ा में बढ़ते अपराध पर भाजपा का हल्ला बोल, थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
साइबर ठगी, सड़क हादसों और हुड़दंग पर जताई चिंता, कानून-व्यवस्था मजबूत करने की मांग

रिपोर्ट : सौरभ कुमार
जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं, साइबर ठगी, सड़क दुर्घटनाओं और सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने पुलिस प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। शनिवार को भाजपा जादूगोड़ा मंडल की अध्यक्ष तनुश्री नंदा त्रिपाठी के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जादूगोड़ा थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, लिंक और ऑनलाइन ठगी के माध्यम से विशेष रूप से महिलाओं एवं बुजुर्गों को निशाना बना रहे हैं। वहीं तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में भी लगातार वृद्धि हो रही है। भाजपा ने बाजारों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर शराब के नशे में हुड़दंग, गाली-गलौज तथा मारपीट की घटनाओं पर भी चिंता जताते हुए कहा कि इससे आम नागरिकों, व्यापारियों और विद्यार्थियों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से साइबर अपराध के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, दुर्घटना संभावित मार्गों पर सख्ती से यातायात नियम लागू कराने, शाम के समय विशेष चेकिंग अभियान चलाने तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में क्षेत्र में साइबर ठगी, चोरी, छिनतई और सड़क हादसों की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। उनका मानना है कि प्रभावी पुलिस कार्रवाई के साथ जनजागरूकता और सामुदायिक सहभागिता से ही अपराधों पर अंकुश लगाया जा सकता है। ज्ञापन सौंपने के दौरान मनोज प्रताप सिंह, बिक्रम हेम्ब्रम, रोहित सिंह, बिस्वजीत नंदा, नितू सिंह, मोहन प्रसाद शाह, दीपक जाना, मुकेश भगत सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। थाना प्रभारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।