ताज़ा-ख़बर

18 वर्षों की अविस्मरणीय सेवा के बाद सहायक अध्यापक अमित कुमार को भावभीनी विदाई, सम्मान समारोह में उमड़ा स्नेह

रिपोर्ट: अकरम 2 घंटे पहलेझारखण्ड

सहायक आचार्य के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे अमित कुमार, विद्यार्थियों की नम आंखों के बीच मिला सम्मान

18 वर्षों की अविस्मरणीय सेवा के बाद सहायक अध्यापक अमित कुमार को भावभीनी विदाई, सम्मान समारोह में उमड़ा स्नेह

बरवाडीह, लातेहार : बरवाडीह प्रखंड के छेचा पंचायत अंतर्गत पीएम श्री मध्य विद्यालय, होरिलॉग में शनिवार को भावनाओं से सराबोर विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय में 18 वर्षों से अधिक समय तक सहायक अध्यापक के रूप में अपनी सेवाएं देने वाले अमित कुमार का सहायक आचार्य के पद पर चयन होने तथा उनकी नई पदस्थापना लुहूर में होने पर विद्यालय परिवार ने उन्हें स्नेह, सम्मान और शुभकामनाओं के साथ विदाई दी। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह पिंटू, कांग्रेस प्रदेश सचिव रविंद्र राम, प्रधानाध्यापक नंददेव राम, सेवानिवृत्त शिक्षक सुरेश राम, पूर्व मुखिया हुलास सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, विदाई गीत एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विदाई गीतों के दौरान पूरा माहौल भावुक हो गया। कई विद्यार्थियों की आंखें नम हो गईं वहीं अमित कुमार भी अपने विद्यार्थियों का स्नेह देखकर भावुक हो उठे। अपने संबोधन में अमित कुमार ने कहा कि इस विद्यालय में बिताए गए 18 वर्ष उनके जीवन की अमूल्य पूंजी हैं। विद्यालय उनके लिए केवल कार्यस्थल नहीं बल्कि एक परिवार रहा है। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी स्वीकार करना उनका कर्तव्य है लेकिन यहां से मिले प्रेम, सहयोग और सम्मान को वे जीवनभर नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और ईमानदारी के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि संतोषी कुमारी ने कहा कि अमित कुमार की कर्मठता, सादगी और शिक्षा के प्रति समर्पण ही उनकी सबसे बड़ी पहचान है। विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह पिंटू ने कहा कि उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। कांग्रेस प्रदेश सचिव रविंद्र राम ने उन्हें शिक्षा जगत के लिए प्रेरणास्रोत बताया। प्रधानाध्यापक नंददेव राम ने कहा कि विद्यालय को पीएम श्री विद्यालय के रूप में पहचान दिलाने में अमित कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। समारोह के अंत में विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राओं ने अमित कुमार एवं उनकी धर्मपत्नी राधा कुमारी को स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम का संचालन एस. बारला ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, शिक्षाकर्मी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़ें.