सूरत से सकुशल बरामद हुई गम्हरिया की नाबालिग, अपहरण के आरोपी को आदित्यपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार
थाना प्रभारी अंजनी कुमार बोले- त्वरित कार्रवाई और तकनीकी अनुसंधान से मिली सफलता, आरोपी न्यायिक हिरासत में

आदित्यपुर : थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले का सफल खुलासा करते हुए गुजरात के सूरत से पीड़िता को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में गिरफ्तार आरोपी सुशील कुमार (21 वर्ष), पिता- राजू बेरिश को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया स्थित बांका पाड़ा से एक नाबालिग लड़की लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों की शिकायत पर आदित्यपुर थाना कांड संख्या-173/26, दिनांक 30 जून 2026 के तहत धारा 137(2)/87 बीएनएस के अंतर्गत अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आदित्यपुर पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान एवं लगातार छापेमारी शुरू की। जांच के क्रम में पुलिस को नाबालिग के गुजरात के सूरत में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने 24 जुलाई को सूरत पहुंचकर नाबालिग को सकुशल बरामद किया तथा आरोपी सुशील कुमार को वहीं से गिरफ्तार कर लिया। आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि नाबालिग की बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता थी। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार प्रयास के कारण पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आगे भी महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।