विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के मेगा हेल्थ कैंप में 200 से अधिक लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
सेवा ही संगठन की पहचान : डॉ. जे.एन. दास बोले- समाजहित में आगे भी जारी रहेंगे जनकल्याण के अभियान

गम्हरिया : विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में तथा गंगोत्री हेल्थ केयर, आदित्यपुर के सहयोग से रविवार को गम्हरिया बस्ती स्थित नामोपाड़ा शिव मंदिर (कड़ा काटा) परिसर में भव्य मेगा हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 200 से अधिक लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा जरूरतमंद मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, मधुमेह सहित विभिन्न रोगों की जांच कर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया। बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने शिविर का लाभ उठाया। विश्व हिंदू परिषद के सरायकेला-खरसावां जिलाध्यक्ष डॉ. जे.एन. दास ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है बल्कि सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना हमारा लक्ष्य है। भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। वहीं बजरंग दल के आदित्यपुर नगर संयोजक सानू सिंह ने कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया है। आगे भी सेवा कार्यों का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में बजरंग दल के नगर मंत्री गौरव झा, विश्व हिंदू परिषद गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष सिंटू गोराई, उपाध्यक्ष धनंजय स्वर्णकार, प्रचार प्रमुख नीतीश सिंह, अमन सिंह, गौरव मिश्रा, साहिल स्वर्णकार, सुमी सिंह, सोनू कुमार, अभिषेक मिश्रा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय योगदान दिया। स्थानीय लोगों ने इस जनसेवा पहल की सराहना करते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।