ताज़ा-ख़बर

जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के लिपिक निलंबित, विभागीय कार्रवाई शुरू

रिपोर्ट: Ashwini kumar Ghai3 घंटे पहलेझारखण्ड

शिशु देखभाल अवकाश की संचिका समय पर प्रस्तुत नहीं करने का आरोप, लातेहार किया गया मुख्यालय निर्धारित

जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के लिपिक निलंबित, विभागीय कार्रवाई शुरू

मेदिनीनगर (पलामू): पलामू जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में कार्यरत लिपिक ईश्वरी दयाल राम को निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। यह कार्रवाई क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक, पलामू प्रमंडल, मेदिनीनगर संदीप कुमार के आदेश पर की गई।

कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, लिपिक पर आरोप है कि उन्होंने सहायक शिक्षिका भारती पाण्डेय के शिशु देखभाल अवकाश (चाइल्ड केयर लीव) से संबंधित संचिका समय पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, पलामू के समक्ष प्रस्तुत नहीं की। इसे सरकारी दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही मानते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।

आदेश में कहा गया है कि झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के प्रावधानों के तहत ईश्वरी दयाल राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है तथा उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही शुरू की गई है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, लातेहार का कार्यालय निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता देय होगा। साथ ही, उनके विरुद्ध आरोप पत्र अलग से जारी किए जाने की भी जानकारी आदेश में दी गई है।

इन्हें भी पढ़ें.