गम्हरिया के आयुष कुमार ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में हासिल किया 143वां रैंक, जिले का नाम किया रोशन
टायो कॉलोनी के साधारण परिवार से निकलकर आयुष बने आईएएस, सफलता से गम्हरिया में खुशी की लहर

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित टायो कॉलोनी निवासी आयुष कुमार ने प्रतिष्ठित संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 143वां रैंक हासिल कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को घोषित परिणाम के बाद गम्हरिया क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। आयुष कुमार टायो कॉलोनी के एच-टाइप क्वार्टर नंबर 40 में रहते हैं। उनके पिता प्रदीप कुमार बंद हो चुकी टायो रोल्स लिमिटेड कंपनी में कर्मी थे। वर्तमान में परिवार उसी कॉलोनी में निवास करता है। उनकी माता गृहिणी हैं जबकि उनकी छोटी बहन अभी पढ़ाई कर रही है। सीमित संसाधनों के बावजूद आयुष ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक में सफलता हासिल की। आयुष की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों और परिचितों ने इसे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है। लोगों का कहना है कि साधारण परिवार से निकलकर इतनी बड़ी सफलता हासिल करना युवाओं के लिए एक मिसाल है। परिजनों ने बताया कि आयुष शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं और उनका सपना प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज के लिए काम करना था। अब उनकी इस सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरा सरायकेला-खरसावां जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है।