भाजपा झूठ की फैक्ट्री बन चुकी है, जनता को गुमराह करने की कोशिश : लाल किशोर नाथ शाहदेव
मुख्यमंत्री आवास को लेकर भाजपा के आरोप निराधार, भविष्य की जरूरत और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर हो रहा निर्माण

रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव के आरोपों को निराधार, भ्रामक और जनता का ध्यान भटकाने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन को वापस पाने के लिए अब झूठ की फैक्ट्री बन चुकी है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री आवास किसी व्यक्ति की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि एक सरकारी संस्थान है। जो आवास बनाया जा रहा है, वह भविष्य की जरूरतों और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। भाजपा जिस ‘शीश महल’ की बात कर रही है, वह दरअसल राज्य की गरिमा और प्रशासनिक आवश्यकता का हिस्सा है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जो भाजपा आज 100 करोड़ रुपये के खर्च पर विलाप कर रही है, उसने प्रधानमंत्री के लिए बन रहे हजारों करोड़ रुपये के सेंट्रल विस्टा और आलीशान विमानों पर चुप्पी क्यों साध रखी है? झारखंड में भाजपा के शासनकाल के दौरान ‘हाथी उड़ाने’ और मोमेंटम झारखंड के नाम पर जो करोड़ों रुपये की लूट हुई, क्या प्रतुल शाहदेव उसे भूल गए हैं?
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि राज्य सरकार अबुआ आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीबों को पक्का मकान दे रही है। सर्वजन पेंशन और मंईयां सम्मान योजना से आम जनता के चेहरे पर मुस्कान आई है। भाजपा को डर है कि यदि गरीब सशक्त हो गया, तो उनकी नफरत की राजनीति बंद हो जाएगी। इसी कारण वे विकास कार्यों को फिजूलखर्ची का रंग देने की कोशिश कर रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि राज्य सरकार के कैबिनेट फैसलों में पूरी पारदर्शिता है। भाजपा के पास अब कोई विजन नहीं बचा है, इसलिए वे फव्वारे और गार्डन की मनगढ़ंत कीमतें बताकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। राज्य की जनता भली-भांति जानती है कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार जल, जंगल और जमीन के साथ-साथ आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए काम कर रही है।