ताज़ा-ख़बर

बड़कागांव में अकीदत और भाईचारे के साथ मनाई गई बकरीद, अमन-चैन की मांगी गई दुआ

रिपोर्ट: VBN News Desk23 घंटे पहलेझारखण्ड

ईदगाहों और मस्जिदों में उमड़ी नमाजियों की भीड़, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद

बड़कागांव में अकीदत और भाईचारे के साथ मनाई गई बकरीद, अमन-चैन की मांगी गई दुआ

रिपोर्ट : अजय कुमार

बड़कागांव : प्रखंड में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व पूरे उत्साह, अकीदत और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने नए वस्त्र पहनकर अल्लाह की इबादत की और देश-दुनिया में अमन, शांति तथा खुशहाली की दुआ मांगी। प्रखंड के बादम, बलिया, महुगाईं, डाड़ी कला, चेपा खुर्द, सिरमा, छवनियां, महूदी, मिर्जापुर, बड़कागांव मुस्लिम मोहल्ला तथा गुरु चट्टी समेत विभिन्न मुस्लिम बहुल गांवों और मोहल्लों में शांतिपूर्ण वातावरण में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। मौलानाओं ने अपने संबोधन में कुर्बानी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, समर्पण और इंसानियत का पर्व है। उन्होंने लोगों से प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता बनाए रखने की अपील की। ईद को लेकर बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। नमाज के बाद लोगों ने अपने घरों में विशेष पकवान बनाए और रिश्तेदारों एवं परिचितों के बीच खुशियां साझा कीं। पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर उल्लास और धार्मिक आस्था का माहौल बना रहा। वहीं बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद, इंस्पेक्टर शाहिद राजा, बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, डाड़ी कला थाना प्रभारी सागेन मुर्मू तथा सिकरी ओपी प्रभारी रामकुमार राम पुलिस बल के साथ विभिन्न क्षेत्रों में लगातार गश्त और निगरानी करते रहे। प्रशासन की सक्रियता के कारण पूरे प्रखंड में बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर इलाकाई सदर हाजी तबस्सुम, शमशेर आलम, सोनू इराकी, मोहम्मद तकरीमुला खान, राजा खान, मोहम्मद वसीम, मोहम्मद साबिर, मोहम्मद फारूक, फिरोज खान, फखरे आलम, मोहम्मद रियासत, पिंटू खान, मोहम्मद शहंशाह, शेख अब्दुल्ला सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़ें.