ताज़ा-ख़बर

बारियातु अज्ञात शव हत्या कांड का खुलासा, लूटपाट के लिए की गई थी हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट: VBN News Desk3 घंटे पहलेझारखण्ड

पहचान छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने मृतक के दोनों हाथ पीछे बांध दिए और उनकी कलाई भी काट दी थी

बारियातु अज्ञात शव हत्या कांड का खुलासा, लूटपाट के लिए की गई थी हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार

संतोष कुमार लातेहार। लातेहार जिले के बारियातु थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नावाडीह स्थित एनएच-22 के समीप पुलिया के नीचे से 10 मई 2026 को बरामद अज्ञात शव मामले का लातेहार पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान उड़ीसा राज्य के पुरी जिला निवासी शेख शदाकत अली (50 वर्ष) के रूप में हुई है।

मृतक सीआरपीएफ से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद अपने पिकअप वाहन से आम का व्यवसाय करते थे।इस संबंध में बारियातु थाना कांड संख्या 31/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक लातेहार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बालूमाथ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी शाखा एवं बारियातु थाना पुलिस के सहयोग से लगातार छापेमारी और अनुसंधान करते हुए मामले का खुलासा किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में लोहरदगा जिला निवासी इकबाल अंसारी एवं अवध कुमार साहु उर्फ माधु शामिल हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से मृतक को शराब एवं गांजा का नशा कराया और उसकी पिकअप वाहन तथा उसमें लदे करीब एक लाख रुपये मूल्य के फल आम लूटने की नीयत से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को पुलिया के नीचे फेंक दिया गया था। पहचान छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने मृतक के दोनों हाथ पीछे बांध दिए और उनकी कलाई भी काट दी थी।पुलिस ने मृतक का महिंद्रा कंपनी का पिकअप वाहन (OD02DJ-0644) एवं दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। छापेमारी दल में बारियातु एवं बालूमाथ थाना के कई पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा के कर्मी, चौकीदार तथा सहायक पुलिस बल शामिल थे। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

इन्हें भी पढ़ें.