डीजल संकट से बंद होने की कगार पर बरवाडीह की आटा चक्कियां, प्रशासन से लगाई गुहार
चक्की बंद हुई तो रोजी-रोटी पर पड़ेगा असर : व्यावसायिक संघ ने सौंपा मांगपत्र

बरवाडीह, लातेहार : बरवाडीह बाजार क्षेत्र के आटा चक्की संचालकों ने डीजल संकट को लेकर गुरुवार को प्रशासन के समक्ष अपनी गंभीर समस्या उठाई। व्यावसायिक संघ के अध्यक्ष दीपक राज के नेतृत्व में संचालकों ने जिले के उपायुक्त एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी, लातेहार के नाम प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुमित कुमार तिवारी को मांगपत्र सौंपकर जार एवं गैलन में डीजल उपलब्ध कराने की मांग की। व्यावसायिक संघ के अध्यक्ष दीपक राज ने बताया कि क्षेत्र के पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा जार और गैलन में डीजल देने से इनकार किए जाने के कारण बरवाडीह बाजार की आधा दर्जन से अधिक आटा चक्कियां बंद होने की स्थिति में पहुंच गई हैं। इससे चक्की संचालकों और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट गहराने लगा है। मांगपत्र में कहा गया कि क्षेत्र की अधिकांश आटा चक्कियां पूरी तरह डीजल आधारित मशीनों से संचालित होती हैं। डीजल नहीं मिलने के कारण मशीनें ठप पड़ रही हैं जिससे व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को गेहूं पिसवाने में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दीपक राज ने कहा कि छोटे व्यवसायियों की आजीविका प्रतिदिन की कमाई पर निर्भर करती है। लगातार चक्कियां बंद रहने से परिवारों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का त्वरित समाधान निकालने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि आटा चक्कियां गांव और बाजार की जरूरतों से सीधे जुड़ी हुई हैं। यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आम लोगों को भी खाद्यान्न पिसवाने में कठिनाई होगी। ऐसे में संबंधित पेट्रोल पंपों को निर्देश जारी कर चक्की संचालकों को जार एवं गैलन में डीजल उपलब्ध कराया जाना चाहिए। वहीं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुमित कुमार तिवारी ने संचालकों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों और समस्याओं से संबंधित मांगपत्र जिला के वरीय अधिकारियों तक भेज दिया जाएगा तथा प्रशासनिक स्तर पर उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। मौके पर चक्की संचालक पंकज कुमार, विजय अग्रवाल, प्रदीप कुमार, दिलीप मिस्त्री, कुंदन प्रसाद, विनय प्रसाद गुप्ता समेत कई व्यवसायी उपस्थित थे। सभी ने प्रशासन से जल्द सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई।