उपायुक्त ने जनता दरबार में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश
उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Sanjeev Mishra सिमडेगा: उपायुक्त कंचन सिंह ने समाहरणालय परिसर में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न सुदूरवर्ती क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में पहुंचे फरियादियों से उन्होंने बारी-बारी से मुलाकात कर उनकी शिकायतों एवं मांगों की विस्तृत जानकारी ली तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दरबार में भूमि विवाद, जमीन बंटवारा, खरीदी गई भूमि पर मकान निर्माण में उत्पन्न बाधाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, कन्यादान योजना की लंबित राशि भुगतान, एमएसीपी (M.A.C.P.) का बकाया लाभ, सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन भुगतान, राशन कार्ड में नाम संशोधन, नया राशन कार्ड निर्गत करने तथा केसीसी ऋण माफी से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त आंधी-तूफान से मकान क्षतिग्रस्त होने पर मुआवजा, बिजली करंट से बैल की मृत्यु पर आपदा राहत सहायता, खुले विद्युत तारों को सुरक्षित केबल से बदलने, निजी भूमि पर खराब चापाकल हटाने तथा नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के मामलों में भी शिकायतें दर्ज कराई गईं।
जनता दरबार में आंगनबाड़ी केंद्र खोलने, सेविका एवं सहायिका चयन प्रक्रिया में अनियमितता, भूमि के अवैध दाखिल-खारिज तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मौके पर अपर समाहर्ता श्री ज्ञानेन्द्र, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री पवन कुमार महतो सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।