एक जुलाई से तीन माह के लिए बंद रहेगा बेतला नेशनल पार्क, मॉनसून में रहेगी नो-एंट्री
बेतला आने वाले पर्यटकों के लिए वन विभाग के रेस्ट हाउस और मुख्य कैंटीन खुले रहेंगे।

बरवाडीह(लातेहार): मॉनसून के दौरान वन्यजीवों के प्रजनन (ब्रीडिंग) सीजन को देखते हुए बेतला नेशनल पार्क एक जुलाई से 30 सितंबर तक पर्यटकों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान जंगल सफारी, वाहनों के प्रवेश और पार्क के अंदर होने वाली सभी प्रकार की इको-टूरिज्म गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वन विभाग के अनुसार, मॉनसून वन्यजीवों का प्रजनन काल होता है।
इस दौरान पर्यटकों की आवाजाही से वन्यजीवों की प्राकृतिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। साथ ही बारिश में जंगल के कच्चे रास्ते कीचड़युक्त हो जाने से सफारी वाहनों के फंसने और जंगली जानवरों के हमले का खतरा भी बढ़ जाता है।हालांकि, बेतला आने वाले पर्यटकों के लिए वन विभाग के रेस्ट हाउस और मुख्य कैंटीन खुले रहेंगे।
पार्क के बंद रहने के दौरान जंगल की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त रहेगी। वॉच टावरों को सक्रिय कर वनकर्मियों की 24 घंटे तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि पर रोक लगाई जा सके।बेतला रेंज के रेंजर उमेश कुमार दुबे ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार एक जुलाई से 30 सितंबर तक पार्क बंद रहेगा तथा वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी रखी जाएगी। एक अक्टूबर से पार्क को पुनः पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।