भोला मोहंती का भाजपा पर तीखा हमला, झूठे दावों से जनता को गुमराह करना बंद करे भाजपा
झामुमो की आक्रामक प्रतिक्रिया, कार्यकर्ताओं के शामिल होने के दावे को बताया बेतुका और हास्यास्पद

सरायकेला-खरसावां : जिले में राजनीतिक बयानबाजी के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भाजपा पर जोरदार पलटवार किया है। पार्टी के जिला उपाध्यक्ष भोला मोहंती ने भाजपा जिला अध्यक्ष के बयान को सिरे से खारिज करते हुए इसे हास्यास्पद और बेतुका करार दिया है। भोला मोहंती ने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा झामुमो कार्यकर्ताओं को अपने दल में शामिल कराने का दावा पूरी तरह निराधार और भ्रामक है। उन्होंने कहा कि भाजपा जिला अध्यक्ष को सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर किन सैकड़ों कार्यकर्ताओं को उन्होंने शामिल कराया है। साथ ही उन लोगों की झामुमो में क्या भूमिका और जिम्मेदारी थी यह भी बताना चाहिए। उन्होंने तीखे लहजे में कहा कि इतने महत्वपूर्ण पद पर रहते हुए इस तरह की बचकानी हरकत करना समझ से परे है। झामुमो ने भाजपा पर आरोप लगाया कि यह सब केवल राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है और जनता को भ्रमित करने की कोशिश है। झामुमो ने भाजपा को नसीहत देते हुए कहा कि वह पहले अपने अंदर झांके और हालिया चुनावों में अपने समर्थित प्रत्याशियों की हार के कारणों का विश्लेषण करे। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि जिले और नगर दोनों स्तरों पर भाजपा का सुपड़ा साफ हो चुका है ऐसे में झूठी बयानबाजी से जनता को गुमराह करना संभव नहीं है। प्रेस वार्ता में मनोज कुमार चौधरी, नगर अध्यक्ष शंभू आचार्य, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष उमेश भोल, अनूप साहू, सौरव साहू और गौतम नायक समेत कई नेता मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में भाजपा के आरोपों का विरोध करते हुए कहा कि झामुमो जमीनी स्तर पर जनता के बीच काम कर रही है और पार्टी को बदनाम करने की साजिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अंत में भोला मोहंती ने स्पष्ट कहा कि झामुमो का नाम लेकर अनैतिक राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने भाजपा को चेतावनी दी कि वह तथ्यहीन बयानबाजी से बाज आए और वास्तविक मुद्दों पर काम करे।