पलामू में काली पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान दो जगह हिंसक झड़प, पुलिस पर पथराव
सिंदुरिया और रकसाहा में तनाव के बाद पुलिस की फायरिंग, तीन वाहन क्षतिग्रस्त; कई जवान और ग्रामीण घायल

पलामू : जिले के रेहला और सतबरवा थाना क्षेत्र में सोमवार रात काली पूजा की प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पथराव हुआ। बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटनाओं में पुलिस वाहन समेत तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। स्थिति नियंत्रित करने और आत्मरक्षा में पुलिस को फायरिंग भी करनी पड़ी। फिलहाल दोनों स्थानों पर स्थिति सामान्य बताई जा रही है। एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
सिंदुरिया में डीजे विवाद के बाद पथराव
सतबरवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव में बच्चों के बीच डीजे को लेकर शुरू हुआ विवाद दो पक्षों के बीच मारपीट में बदल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में इस वर्ष एक अन्य पक्ष ने पहली बार काली पूजा का आयोजन किया था जबकि दूसरा पक्ष पहले से पूजा करता रहा है। विसर्जन के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और पथराव शुरू हो गया। घरों की छतों से भी पत्थर फेंके जाने की बात सामने आई है। इस दौरान पुलिस वाहन सहित तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुईं और पुलिसकर्मियों के साथ ग्रामीण भी घायल हुए। पुलिस ने इस मामले में 42 नामजद और करीब 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। डीएसपी राजेश यादव के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया। मामले में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।
रकसाहा में पुलिस ने की चार राउंड फायरिंग
उधर रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा गांव में भी डीजे को लेकर दो गुटों के बीच झड़प हुई। बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ के अनुसार घटना में चार पुलिस जवान घायल हुए हैं और पुलिस की एक गाड़ी क्षतिग्रस्त हुई है। पुलिस ने बचाव में करीब चार राउंड फायरिंग की। इस घटना में कुछ ग्रामीणों के भी घायल होने की सूचना है। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों क्षेत्रों में शांति है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हालात सामान्य होने के बाद लोगों ने प्रतिमा विसर्जन किया।