ताज़ा-ख़बर

टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क ने तीन नवजात बाघ शावकों के नामों की घोषणा की

रिपोर्ट: VBN News Desk49 मिनट पहलेझारखण्ड

ह्वाट्सऐप और सीधे संदेशों के माध्यम से 650 से अधिक लोगों ने 1,900 से ज्यादा नामों के सुझाव भेजे।

टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क ने तीन नवजात बाघ शावकों के नामों की घोषणा की

जमशेदपुर: टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क (TSZP), जमशेदपुर ने 23 सितंबर, 2026 को जन्में तीन बाघ शावकों के नामों की घोषणा की है। नामकरण के लिए शुरू की गई पहल को लोगों का उत्साहपूर्ण समर्थन मिला।

इस पहल में जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ह्वाट्सऐप और सीधे संदेशों के माध्यम से 650 से अधिक लोगों ने 1,900 से ज्यादा नामों के सुझाव भेजे। शुरुआत में लोगों से नर और मादा दोनों शावकों के लिए नामों के सुझाव मिले थे, क्योंकि तीन शावकों में से एक को शुरू में नर माना गया था। हालांकि, जन्म के शुरुआती दिनों में बाघ के शावकों का लिंग पहचानना मुश्किल होता है, क्योंकि उस समय उनके बाहरी शारीरिक अंगों से इसकी स्पष्ट पहचान नहीं हो पाती। बाद में जांच के दौरान पुष्टि हुई कि तीनों शाविकाएं मादा हैं। इसके बाद नामों के चयन की प्रक्रिया में बदलाव करते हुए तीनों के लिए केवल मादा शावकों के नामों पर विचार किया गया।

लोगों से मिले सुझावों की समीक्षा के बाद तीन नाम चुने गए हैं। इनमें अवनि (पृथ्वी), जिसका सुझाव तीन लोगों ने दिया; कायरा (उज्ज्वल या प्रकाशमान), जिसका सुझाव चार लोगों ने दिया; और शक्ति (नारी की सर्वोच्च शक्ति का प्रतीक) शामिल हैं। शक्ति नाम को सबसे अधिक समर्थन मिला और 14 लोगों ने यह नाम सुझाया।

जिन लोगों के सुझाए गए नाम चुने गए हैं, टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क जल्द ही उनसे संपर्क कर आगे की प्रक्रिया पूरी करेगा। टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क इस पहल में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और शानदार प्रतिक्रिया के लिए सभी का आभार व्यक्त करता है। इस तरह की जनभागीदारी से जू और समुदाय के बीच जुड़ाव मजबूत होता है। साथ ही, वन्यजीवों के प्रति शिक्षा और जागरूकता बढ़ाने तथा उनके संरक्षण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में भी मदद मिलती है। टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क इस नामकरण पहल को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी प्रतिभागियों का हार्दिक धन्यवाद करता है।

इन्हें भी पढ़ें.