ताज़ा-ख़बर

हिंदपीढ़ी में गोदाम में लगी भीषण आग, फल-सब्जियों के हजारों कैरेट जलने की आशंका

रिपोर्ट: VBN News Desk8 घंटे पहलेझारखण्ड

थर्ड स्ट्रीट में आग से मची अफरा-तफरी, दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं

हिंदपीढ़ी में गोदाम में लगी भीषण आग, फल-सब्जियों के हजारों कैरेट जलने की आशंका

रांची : राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत थर्ड स्ट्रीट में सोमवार की रात एक गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें काफी दूर से दिखाई दे रही थीं जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार गोदाम में फल और सब्जियां रखने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले कैरेट रखे हुए थे। इनमें बड़ी संख्या में कैरेट खुले स्थान पर भी रखे गए थे। इसी दौरान कैरेट में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। अगलगी में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन अभी नहीं हो सका है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। खबर लिखे जाने तक आग बुझाने का काम जारी था। हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी ने बताया कि आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही घनी आबादी वाले इलाके में गोदाम के संचालन से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

इन्हें भी पढ़ें.