बोकारो नगर निगम चुनाव में भोलू पासवान विजयी, चास एसडीओ ने सौंपा प्रमाण पत्र
कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी जमील अख्तर तीसरे स्थान पर रहे, जिन्हें 10,320 मत प्राप्त हुए।

By Tanveer Bokaro: बोकारो में आज नगर निगम चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया, जिसमें महापौर पद के लिए भोलू पासवान को विजयी घोषित किया गया। जीत की आधिकारिक घोषणा के बाद चास अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) श्रीमती प्रांजल ढांडा ने उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किया। चुनाव परिणाम आते ही समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई।
इस चुनाव में भोलू पासवान को कुल 17,796 मत प्राप्त हुए। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी अविनाश कुमार को पराजित किया, जिन्हें 14,827 वोट मिले। वहीं कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी जमील अख्तर तीसरे स्थान पर रहे, जिन्हें 10,320 मत प्राप्त हुए। स्पष्ट बहुमत के साथ भोलू पासवान ने अपनी जीत दर्ज कराई।
जीत के बाद भोलू पासवान ने कहा कि उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए पहले भी कार्य किया है और आगे भी निरंतर करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे जात-पात से ऊपर उठकर सभी को समान दृष्टि से देखते हैं और सबको साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने चास के विकास और सुंदरीकरण के लिए पूर्व में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भविष्य में भी वे बेहतर कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकता बिजली और पानी की व्यवस्था को सुदृढ़ करना होगा तथा चास-बोकारो के समग्र विकास को गति देना उनका लक्ष्य है।
जीत के बाद समर्थकों ने भव्य रैली निकाली और खुशी का इजहार किया। इस अवसर पर संजय सिंह बाबू (प्रताप सिंह), संतोष सोनी, अभिषेक सिंह, डब्लू सिंह, राशिद आलम, अफरोज राणा और कंन्तु मुर्मू सहित कई समर्थक उपस्थित रहे।