बिहार बाल संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण समिति ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की शिष्टाचार मुलाकात
बाल संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण के अनुभव साझा किए गए, झारखंड और बिहार की समितियों के बीच सहयोग पर चर्चा

रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज झारखंड विधान सभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में बिहार विधान परिषद की बाल संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण समिति के सदस्यों ने शिष्टाचार मुलाकात की।
इस अवसर पर बिहार समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को अपने द्वारा किए जा रहे कार्यों और पहलों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उन्होंने झारखंड विधान सभा के भ्रमण के दौरान झारखंड विधान सभा की महिला बाल विकास समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की और दोनों समितियों ने अपने अनुभव साझा किए।
मुलाकात के दौरान झारखंड विधान सभा की महिला बाल विकास समिति की सभापति, विधायक कल्पना सोरेन भी उपस्थित रहीं। बिहार समिति से मुलाकात करने वालों में अध्यक्ष डॉ. कुमुद वर्मा, सदस्य श्रीमती रीना यादव, मुन्नी देवी और निवेदिता सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल थे।
मुख्यमंत्री ने दोनों राज्यों के बीच बाल संरक्षण और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।