बरवाडीह के मोरवाई जंगल में बाइसन का कहर, महुआ चुनने गई दो महिलाओं की दर्दनाक मौत
एक और महिला घायल, वन विभाग अलर्ट, ग्रामीणों में दहशत का माहौल

बरवाडीह, लातेहार : बरवाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरवाई जंगल में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई जहां जंगली बाइसन के हमले में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक महिलाओं की पहचान शिलमनिया देवी और शांति देवी के रूप में हुई है। दोनों अपने-अपने घरों से महुआ चुनने के लिए जंगल गई थीं। इसी दौरान अचानक जंगली बाइसन ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि सबसे पहले बाइसन ने शांति देवी को निशाना बनाया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दूसरे इलाके में महुआ चुन रही शिलमनिया देवी पर भी बाइसन ने हमला कर दिया जिससे उनकी भी जान चली गई। काफी देर तक जब दोनों महिलाएं घर नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने जंगल में खोजबीन शुरू की जहां दोनों महिलाओं के शव गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इसी बीच बाइसन ने लातेहार क्षेत्र के जंगल में एक अन्य महिला पर भी हमला कर दिया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जिससे उसकी जान बच सकी। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं वन विभाग द्वारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को जंगल में सतर्क रहने की सलाह दी गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।