टाटा-कांड्रा मुख्य सड़क पर अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्ती, ट्रैफिक प्रभारी ने माइकिंग कर हटवाए वाहन
नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई - इंस्पेक्टर राजू कुमार का सख्त संदेश, सड़क जाम पर कड़ा रुख

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित टाटा-कांड्रा मुख्य सड़क पर अवैध पार्किंग के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त अभियान चलाया। इस दौरान ट्रैफिक प्रभारी इंस्पेक्टर राजू कुमार के नेतृत्व में सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाया गया और लोगों को नियमों का पालन करने की कड़ी चेतावनी दी गई। अभियान के दौरान माइकिंग कर स्पष्ट रूप से घोषणा की गई कि मुख्य सड़क पर किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेष रूप से स्कूल बसों, कारों, दोपहिया और तिपहिया वाहनों को तुरंत हटवाया गया जिससे सड़क पर यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके। ट्रैफिक प्रभारी राजू कुमार ने सख्त लहजे में कहा कि सड़क पर वाहन खड़ा करना न केवल यातायात बाधित करता है बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना, वाहन जब्ती और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखें। ट्रैफिक पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाए जाएंगे ताकि शहर में जाम की समस्या पर नियंत्रण पाया जा सके। इस कार्रवाई के बाद सड़क पर यातायात काफी हद तक सुगम हुआ और आम लोगों ने भी प्रशासन के इस सख्त रुख का समर्थन किया।