भाजपा समर्थित संजय सरदार के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन, प्रदीप वर्मा ने जताया जीत का भरोसा
बगावत नहीं, एकजुट होकर लड़ रही भाजपा : प्रदीप वर्मा

आदित्यपुर : नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी समर्थित मेयर प्रत्याशी संजय सरदार के आरआईटी मंडल स्थित चुनावी कार्यालय का शनिवार को उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। निकाय चुनाव प्रभारी प्रदीप वर्मा ने मीडिया से बातचीत में प्रत्याशी का मेनिफेस्टो साझा करते हुए कहा कि जीत के बाद सभी वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यकर्ताओं के लिए केवल भाजपा समर्थित प्रत्याशी ही मैदान में है किसी तरह की बगावत की स्थिति नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की नाराजगी से जुड़े सवाल पर प्रदीप वर्मा ने इसे मीडिया का एजेंडा बताते हुए कहा कि पार्टी उनके मार्गदर्शन में ही चुनाव लड़ रही है। उन्होंने राज्य सरकार पर शहरी निकायों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत के बाद नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। चुनावी माहौल के बीच भाजपा ने एकजुटता और विकास के एजेंडे को प्रमुख मुद्दा बनाया है।