मनोज चौधरी के सामाजिक कार्यों का झामुमो को मिलेगा लाभ : मंत्री दीपक बिरुआ का दावा
नगर पंचायत चुनाव में झामुमो ने खोला चुनावी कार्यालय, विकास के मुद्दे पर समर्थन का भरोसा

सरायकेला : नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित प्रत्याशी मनोज कुमार चौधरी के चुनावी कार्यालय का शनिवार को उद्घाटन किया गया। उद्घाटन झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुआ ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत गेराज चौक से हुई जहां मंत्री और खरसावां विधायक दशरथ गागराई का पारंपरिक स्वागत किया गया। इसके बाद रैली कार्यालय तक पहुंची और सुनो सरायकेला-चुनो कामवाला के नारे गूंजते रहे। उद्घाटन के बाद मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि मनोज कुमार चौधरी ने पिछले कुछ वर्षों में सामाजिक और जनहित के कई कार्य किए हैं जिसका सीधा लाभ पार्टी को चुनाव में मिलेगा। उन्होंने कहा कि मनोज चौधरी का जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहना और विकास कार्यों में भागीदारी झामुमो की ताकत है। नगर पंचायत क्षेत्र में विकास के मुद्दों पर जनता का समर्थन हमारे पक्ष में है। इस मौके पर जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू और गणेश महाली सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ शहरी मतदाताओं, खासकर युवा और महिलाओं में उत्साह देखा जा रहा है। अब सभी की नजर आगामी परिणाम पर टिकी है।