"फ्री बियर" के विवाद में भाजपा नेता की हत्या, होटल मालिक और स्टाफ गिरफ्तार
कत्ल मे इस्तेमाल टांगी व सब्बल, बिना नंबर की लाल रंग की पैशन बाइक और मृतक का मोबाइल बरामद

गिरिडीह: बगोदर थाना क्षेत्र में भाजपा नेता मिथिलेश यादव उर्फ छोटी यादव की हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के अंदर खुलासा कर लिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल होटल मालिक और उसके स्टाफ को एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार को गिरिडीह पुलिस प्रशासन डाँ विमल कुमार द्वारा समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय गिरिडीह के सभाकक्ष में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया है। इस दौरान उन्होने बताया कि भाजपा नेता मिथिलेश यादव की हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के अंदर खुलासा कर लिया है। दो लोगो को एसआईटी ने गिरफ्तार की है। बगोदर-सरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में SIT का गठन कर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि 14 अगस्त की रात करीब 1:45 बजे नशे की हालत में मिथिलेश घाघरा स्थित एक लाइन होटल पहुंचे जहाँ बियर के पैसे को लेकर होटल मालिक महेश रजक और स्टाफ सीमा ठाकुर से उनका विवाद हुआ। बकाया पैसे न देने को लेकर दोनों ने मिलकर मिथिलेश की हत्या की साजिश रची। होटल से निकलकर मिथिलेश जैसे ही अपनी बाइक से लौटने लगे, आरोपियों ने पैशन बाइक से 500 मीटर तक उनका पीछा किया। सर्विस रोड पर मिथिलेश के बाइक से गिरते ही दोनों ने टांगी और सब्बल से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी। हत्या को हादसे का रूप देने के लिए आरोपियों ने मिथिलेश की बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया और शव को सर्विस रोड पर लिटा दिया। इसके बाद हत्या में इस्तेमाल हथियारों को छिपा दिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में महेश रजक होटल मालिक, निवासी घाघरा एवं सीमा ठाकुर होटल स्टाफ, निवासी घाघरा शामिल है। कत्ल मे इस्तेमाल टांगी व सब्बल, बिना नंबर की लाल रंग की पैशन बाइक और मृतक का मोबाइल बरामद किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत मे जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।