लाठीचार्ज के विरोध में लोहरदगा में भाजपा का प्रदर्शन, कई जगह सड़क जाम
छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया सड़क जाम, टायर जलाकर सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

लोहरदगा। रांची में विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने झारखंड बंद के समर्थन में लोहरदगा में प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न चौक-चौराहों पर पहुंचे और सड़क जाम कर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने के लिए बल प्रयोग कर रही है। भाजपा नेताओं ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर विधानसभा घेराव करने पहुंचे छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। पार्टी इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।
बरवाटोली चौक पर बंद समर्थकों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया और बीच सड़क पर बैठ गए। इससे कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कार्यकर्ता हाथों में भाजपा के झंडे लेकर सरकार विरोधी नारे लगाते रहे।
इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पावरगंज चौक और रेलवे साइडिंग क्षेत्र में भी सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। नेताओं ने छात्र हितों की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। प्रदर्शन में भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। पुलिस प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी और बाद में यातायात व्यवस्था सामान्य कराई।