जामताड़ा मामले में भाजपा के आरोप निराधार: कांग्रेस
प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव बोले—सरकार ने शिकायत मिलते ही शुरू की कार्रवाई, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को निशाना बना रही भाजपा

रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने जामताड़ा मामले को लेकर भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार, राजनीति से प्रेरित और बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास अब कोई ठोस विजन नहीं बचा है, इसलिए वह राज्य के लोकप्रिय मंत्रियों और गठबंधन सरकार की छवि खराब करने के लिए झूठ फैलाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि खासकर जब स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की बात आती है, तो भाजपा लगातार उन पर हमलावर रहती है। शाहदेव ने कहा कि जामताड़ा मामले में जैसे ही अनियमितता की शिकायत मिली, विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। विभाग और जिला प्रशासन द्वारा तुरंत जांच के आदेश दिए जाना इस बात का प्रमाण है कि सरकार किसी भी गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं करती।
उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि उनके शासनकाल में जब घोटाले होते थे, तब क्या कभी इस तरह की त्वरित कार्रवाई की गई थी?
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी अपने क्षेत्र और राज्य की जनता के स्वास्थ्य को लेकर बेहद संवेदनशील हैं। भाजपा उनके बेहतर कार्यों और संवेदनशीलता से घबराई हुई है, इसलिए उन्हें निशाना बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक अल्पसंख्यक नेतृत्व को जानबूझकर टारगेट किया जा रहा है और मंत्री के संरक्षण की बात केवल राजनीतिक प्रोपेगेंडा है, ताकि मूल मुद्दों से ध्यान भटकाया जा सके।
शाहदेव ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना की संरचना में जो खामियां हैं, वे केंद्र सरकार की देन हैं। राज्य सरकार उन खामियों को सुधारकर जनता तक बेहतर लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रही है। भाजपा को पहले यह बताना चाहिए कि उनके शासित राज्यों में केंद्र की योजनाओं का किस तरह दुरुपयोग होता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी निष्पक्ष जांच से नहीं डरती और सरकार पारदर्शिता में विश्वास रखती है। भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि वह वास्तव में जांच चाहती है या केवल बयानबाजी कर सुर्खियां बटोरना चाहती है।