स्थापना दिवस पर “Run for Latehar”, शहीदों को नमन के साथ एकता व स्वास्थ्य का संदेश
प्रतिभागियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और सभी ने मिलकर लातेहार जिले के विकास एवं समृद्धि का संदेश दिया।

संतोष कुमार लातेहार। लातेहार जिला स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को पूरे जिले में “Run for Latehar” सह सद्भावना दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। प्रातः 06:00 बजे समाहरणालय परिसर से शुरू हुई यह दौड़ कारगिल पार्क तक संपन्न हुई। इस आयोजन में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के कर्मी, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।दौड़ का उद्देश्य जिले में आपसी सद्भाव, सामाजिक एकता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था।
प्रतिभागियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और सभी ने मिलकर लातेहार जिले के विकास एवं समृद्धि का संदेश दिया।दौड़ के उपरांत कारगिल पार्क में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने भी शहीदों के बलिदान को नमन किया।
अधिकारियों ने कहा कि शहीदों का त्याग और बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा तथा उनके आदर्शों पर चलना हम सभी का कर्तव्य है।जिले के सभी प्रखंडों एवं अधिसूचित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी “Run for Latehar” का सफल आयोजन किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, युवाओं एवं आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी देखने को मिली। इस कार्यक्रम के माध्यम से जिले के गौरवशाली 25 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।