28-29 मई को होगा भाजपा का जिला प्रशिक्षण वर्ग, तैयारियों को लेकर योजना बैठक सम्पन्न
भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं बल्कि कार्यकर्ता निर्माण का सतत माध्यम है।

By Ajay Kumar
पाकुड़: पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत पाकुड़ जिला में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी की जिला स्तरीय योजना बैठक काठमिल महेशपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने की।
बैठक में प्रभारी के रूप में दुमका के पूर्व जिलाध्यक्ष निवास मंडल सहित जिले के सभी मंडलों के मंडल अध्यक्ष, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनुग्राहित प्रसाद साह एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि भाजपा का जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग 28 एवं 29 मई को पाकुड़ में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री सहित कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी निवास मंडल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और प्रशिक्षण के माध्यम से अनुशासित एवं परिश्रमी नेतृत्व का निर्माण होता है। उन्होंने सभी मंडलों के प्रमुख कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण वर्ग में भाग लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के माध्यम से राष्ट्र और समाज के लिए समर्पित आदर्श नागरिक तैयार होते हैं। प्रशिक्षण वर्ग केवल औपचारिकता नहीं बल्कि वैचारिक रूप से मजबूत बनने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जब संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता विचार से दृढ़ और व्यवहार से विनम्र होगा तभी राष्ट्र जीवन में समरसता, सेवा और संगठन की शक्ति का विस्तार संभव होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं बल्कि कार्यकर्ता निर्माण का सतत माध्यम है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का “अंत्योदय” और “एकात्म मानववाद” भाजपा की विचारधारा की आधारशिला है और प्रशिक्षण वर्ग उसी दर्शन को कार्यकर्ताओं के जीवन में उतारने का माध्यम बनेगा।
वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुग्राहित प्रसाद साह ने कहा कि जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता, अनुशासन और कार्यकुशलता को नई दिशा देगा तथा उन्हें पार्टी की रीति-नीति एवं सेवा कार्यों से और अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ने का कार्य करेगा। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री साधन ठाकुर ने किया।
बैठक में हिसाबी राय, शर्मिला रजक, अमृत पांडेय, दुर्गा मरांडी, नोरेन साहा, जयंत मंडल, जुनास टूडु, राहुल मिश्रा, रूबीलाल हांसदा, मोजेश टुडू, संजीव भगत, सुरेंद्र प्रसाद भगत, मनोज सिंह, धर्मेंद्र त्रिवेदी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।