भाजपा सरायकेला-खरसावां की नई टीम घोषित, राकेश मिश्रा बने जिला महामंत्री
संगठन में मेहनत का मिला फल, सोशल मीडिया प्रभारी से महामंत्री तक पहुंचे राकेश मिश्रा

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां में भारतीय जनता पार्टी ने जिला संगठन को मजबूत करने की दिशा में नई टीम की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की सहमति से जिला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान ने रविवार को जिला पदाधिकारियों की सूची जारी की। घोषित सूची के अनुसार हरेकृष्ण प्रधान को जिला अध्यक्ष बनाया गया है जबकि उपाध्यक्ष, मंत्री, कोषाध्यक्ष एवं अन्य पदों पर कई नए और पुराने चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार इस बार महिलाओं को भी पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया गया है जिससे संगठन में संतुलन और समावेशिता का संदेश गया है। इस नई टीम में सबसे अधिक चर्चा जिला महामंत्री बनाए गए राकेश मिश्रा को लेकर हो रही है। राकेश मिश्रा ने अपने संगठनात्मक सफर में लगातार प्रगति करते हुए पहले सोशल मीडिया प्रभारी, फिर जिला मीडिया प्रभारी, उसके बाद जिला उपाध्यक्ष और अब जिला महामंत्री का महत्वपूर्ण पद हासिल किया है। जिला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के अनुरूप टीम का गठन किया गया है। एक उपाध्यक्ष और एक मंत्री का पद फिलहाल रिक्त रखा गया है जिसे जल्द भरा जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम के सहयोग से जिले में संगठन का विस्तार और मजबूती दोनों सुनिश्चित होंगे।