खरसावाँ में जंगल का आदमी बताकर लेवी मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश, सात अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार
एसआइटी की त्वरित कार्रवाई, कट्टा-पिस्टल, मोबाइल व बाइक समेत कई सामान बरामद

खरसावां : सरायकेला-खरसावाँ पुलिस ने खरसावाँ थाना क्षेत्र अंतर्गत आमदा ओपी के पिताकलाग इलाके में रंगदारी मांगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 8 अप्रैल 2026 को दर्ज कांड संख्या-14/26 के तहत की गई जिसमें पुल निर्माण कंपनी के साइट पर कार्यरत कर्मियों को धमकाकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। पुलिस के अनुसार 3 अप्रैल को अज्ञात अपराधियों ने साइट पर पहुंचकर मुंशी और श्रमिकों को धमकाया तथा फोन के माध्यम से जंगल का आदमी बताकर काम जारी रखने के एवज में लेवी की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, दो गोली, दो मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड और तीन बाइक बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी अभियुक्तों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वे चोरी, आर्म्स एक्ट, अपहरण एवं हत्या जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त रह चुके हैं। छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सवैया, थाना प्रभारी गौरव कुमार सहित आमदा ओपी एवं खरसावाँ थाना की टीम शामिल रही। पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से नियंत्रण जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की रंगदारी या अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।