आदित्यपुर के चर्चित गोलीकांड में छोटे आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस का ढिंढोरा, शानू सिंह समेत तीन नामजद आरोपी अब भी फरार
शानू सिंह, अमन और साहिल की गिरफ्तारी में देरी पर उठे सवाल, आदित्यपुर पुलिस पर निष्क्रियता के आरोप

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में 14 मार्च 2026 को संजय इलेक्ट्रॉनिक्स में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस की कार्रवाई एक बार फिर सवालों के घेरे में है। एक ओर पुलिस ने अप्राथमिक अभियुक्त गौरव मिश्रा (27) की गिरफ्तारी कर अपनी उपलब्धि बताई है वहीं दूसरी ओर मामले के मुख्य आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कांड संख्या 77/2026 में कार्रवाई करते हुए गौरव मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है। उसके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्तौल बरामद करने का दावा भी किया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। हालांकि इससे पहले पुलिस केवल एक अन्य आरोपी ऋषि मिश्रा को गिरफ्तार कर पाई थी। लेकिन इस मामले के प्राथमिक अभियुक्त (वार्ड पार्षद प्रत्याशी सह विश्व हिंदू परिषद से जुड़े अमित रंजन उर्फ शानू सिंह, उनके भाई अमन सिंह और साहिल सोनकर) अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। घटना के करीब एक महीने में भी इनकी गिरफ्तारी नहीं हो पाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। पीड़ित संजय यादव ने आरोप लगाया है कि राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है जिससे उनका परिवार दहशत में जीने को मजबूर है। वहीं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल एक ओर पुलिस अपनी उपलब्धि गिना रही है वहीं मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी से उसकी कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।