प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाबा टांगीनाथ धाम में की पूजा-अर्चना
केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।

चैनपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी डुमरी एवं चैनपुर मंडल के कार्यकर्ताओं ने बाबा टांगीनाथ धाम में विशेष पूजा-अर्चना कर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं देश की निरंतर प्रगति की कामना की। इस अवसर पर भाजपा डुमरी मंडल अध्यक्ष जवाहर कंवर एवं चैनपुर मंडल अध्यक्ष अमित पाण्डेय ने संयुक्त रूप से बाबा टांगीनाथ धाम में विधिवत पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डुमरी मंडल प्रभारी मनोहर बड़ाईक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। जिला मंत्री ज्योति बहेर ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व मंडल अध्यक्ष बुधराम नायक, मंडल महामंत्री शिवा नायक सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना करते हुए देश के विकास और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।