ताज़ा-ख़बर

24 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, पत्नी की हत्या कर शव सेफ्टी टैंक में छिपाने वाला पति गिरफ्तार

रिपोर्ट: MANISH 9 घंटे पहलेअपराध

चरित्र पर संदेह बना हत्या की वजह, बिजली के तार से गला घोंटकर और लोहे की रोड से किया था हत्या, प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा ने किया खुलासा

24 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, पत्नी की हत्या कर शव सेफ्टी टैंक में छिपाने वाला पति गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावां : जिले के सीनी ओपी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज महिला हत्याकांड का पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने मृतका सोमवारी हेंब्रम की हत्या के आरोप में उसके पति सोमराय हेंब्रम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी ने बताया कि पत्नी के चरित्र पर संदेह के कारण आरोपी ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। एसपी ने बताया कि मंगलवार को निर्माणाधीन मकान के पास बने सेफ्टी टैंक से महिला का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य प्रमाणों तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान संदेह मृतका के पति सोमराय हेंब्रम पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन पति-पत्नी के बीच अवैध संबंध के शक को लेकर विवाद हुआ था। गुस्से में आरोपी ने पहले बिजली के तार से पत्नी का गला घोंट दिया। इसके बाद उसकी मौत सुनिश्चित करने के लिए लोहे की रॉड से सिर पर कई वार किए। हत्या के बाद उसने शव को घर के समीप निर्माणाधीन मकान के पास बने सेफ्टी टैंक में फेंककर सबूत छिपाने का प्रयास किया। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी ने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों और टीमवर्क की बदौलत इस अंधे कत्ल की गुत्थी मात्र 48 घंटे में सुलझा ली गई। उन्होंने कहा कि हत्या जैसा जघन्य अपराध करने वाला कोई भी व्यक्ति कानून से बच नहीं सकता। छापेमारी दल में एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, सर्किल इंस्पेक्टर राजेश टुडू, सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार, सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

इन्हें भी पढ़ें.