महादेव प्रसाद अग्रवाल की 101वीं जयंती पर आधुनिक पावर में रक्तदान शिविर, 71 यूनिट रक्त संग्रह
संस्थापक दिवस पर आधुनिक पावर की मानवीय पहल, ग्रामीणों और कर्मचारियों ने उत्साह से किया रक्तदान

कांड्रा : सरायकेला-खरसावां जिले के पदमपुर स्थित आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड ने आधुनिक ग्रुप के संस्थापक स्वर्गीय महादेव प्रसाद अग्रवाल की 101वीं जयंती संस्थापक दिवस के रूप में मनाई। इस अवसर पर कंपनी परिसर स्थित स्वास्थ्य केंद्र ‘जीवनदायिनी’ में रक्तदान शिविर आयोजित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। शिविर में कुल 71 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। कंपनी ने वॉलंटियर ब्लड डोनर एसोसिएशन और जमशेदपुर ब्लड बैंक के सहयोग से शिविर का आयोजन किया। इसमें पिंड्राबेड़ा, रामजीवनपुर, बड़ाहरिहरपुर, छोटाहरिहरपुर, श्रीरामपुर और पदमपुर सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कंपनी कर्मचारी राहुल कुमार ने लगातार चौथे वर्ष शिविर में सबसे पहले रक्तदान कर सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की। आधुनिक पावर के प्रमोटर घनश्यामदास अग्रवाल ने कहा कि संस्थापक दिवस केवल जयंती मनाने का अवसर नहीं बल्कि संस्थापक के आदर्शों, मूल्यों और जीवन-दर्शन को अपनाने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों को जीवन की नई उम्मीद दी जा सकती है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण कुमार मिश्रा ने रक्तदाताओं और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह शिविर मानवता के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। शिविर से पूर्व कंपनी परिसर में स्थापित स्वर्गीय महादेव प्रसाद अग्रवाल की प्रतिमा पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों और दूरदर्शी सोच को अपने कार्यों में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर कंपनी के सीएसआर विभाग के संजीत सिन्हा ने रक्तदाताओं, ग्रामीणों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने वॉलंटियर ब्लड डोनर एसोसिएशन के सदस्यों डॉ. निर्जला झा, मोहन मंडल, तापस, अभिजीत, सौमिक, सलीम हीरालाल, मृणाल रक्षित, विश्वकर्मा, नरेश कुमार और संतोष कुमार सिन्हा के योगदान की सराहना की।