सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी की पहल से दिव्यांग को मिली इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल, आत्मनिर्भर बनने की जगी उम्मीद
डेढ़ से दो साल के इंतजार के बाद दिव्यांग को मिली इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल, सीडीपीओ ने बताया लाभ वितरण का आधार

गम्हरिया : प्रखंड के डूडरा पंचायत निवासी एक दिव्यांग को सरकार की कल्याणकारी योजना के तहत इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। ट्राईसाइकिल मिलने पर लाभुक के चेहरे पर खुशी झलक उठी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे थे। अब रोजमर्रा के कई महत्वपूर्ण कार्य आसान होंगे और दूसरों पर निर्भरता भी कम होगी। इसके लिए उन्होंने झारखंड सरकार और आदित्यपुर की सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी के प्रति आभार जताया।
सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी ने बताई वितरण की प्रक्रिया
सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी ने बताया कि विभाग को इस बार केवल दो इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल प्राप्त हुई थीं। इनके लिए लाभुकों ने करीब डेढ़ से दो साल पहले आवेदन किया था। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों से ट्राईसाइकिल और व्हीलचेयर के लिए प्राप्त आवेदनों के आधार पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में लाभुकों को ट्राईसाइकिल वितरित की गई। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल में बैटरी, चार्जर सहित आवश्यक सिस्टम इनबिल्ट हैं। इससे दिव्यांगजन स्वयं इसे चलाकर अपने दैनिक कार्य आसानी से कर सकते हैं। सीडीपीओ के अनुसार विभाग को अन्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों के भी आवेदन मिले हैं। उनकी मांग वरीय अधिकारियों को भेज दी गई है। नई ट्राईसाइकिल उपलब्ध होते ही अन्य पात्र लाभुकों को भी सुविधा देने की कार्रवाई की जाएगी।