आरआईटी मोड़ पर दिनदहाड़े खूनी हमला, अपराधी ने युवक को दौड़ा-दौड़ाकर काटा, पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
आरआईटी में बेखौफ अपराधियों का आतंक, व्यस्त सड़क पर युवक पर जानलेवा हमला, लोगों ने कहा- पुलिस गश्त सिर्फ कागजों में

आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित अत्यंत व्यस्त आरआईटी मोड़ पर रविवार शाम दिनदहाड़े हुई जानलेवा वारदात ने पुलिस की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेखौफ अपराधियों ने बीच सड़क पर एक युवक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हमलावर घायल युवक को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर मारता रहा लेकिन अपराधियों में पुलिस का कोई भय नजर नहीं आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरआईटी मोड़ के समीप दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। इसी दौरान एक युवक ने धारदार हथियार निकालकर दूसरे पर कई वार कर दिए। हमले के समय घायल युवक के साथ एक छोटा बच्चा भी मौजूद था जो संयोगवश सुरक्षित बच गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल युवक को तत्काल गंगोत्री अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया। घटना ने आरआईटी मोड़ जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं लेकिन पुलिस की नियमित गश्त और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि समय पर पुलिस की मौजूदगी होती तो इतनी बड़ी वारदात टाली जा सकती थी। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से आरआईटी मोड़ सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने तथा आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।