BREAKING : सारंडा जंगल में IED ब्लास्ट, सर्च ऑपरेशन के दौरान CRPF जवान घायल
नक्सलियों की साजिश नाकाम करने में जुटी फोर्स, इलाके में हाई अलर्ट जारी

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के घने सारंडा जंगल में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी में जोरदार विस्फोट होने से सर्च ऑपरेशन के दौरान एक सीआरपीएफ जवान घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब सुरक्षा बल इलाके में नक्सल विरोधी अभियान चला रहे थे। सूत्रों के मुताबिक जैसे ही टीम आगे बढ़ी पहले से प्लांट किए गए आईईडी में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद एयरलिफ्ट कर रांची भेजा जा रहा है जहां उसका बेहतर इलाज किया जाएगा। सुरक्षा एजेंसियों ने घटना को नक्सलियों की सोची-समझी साजिश बताया है। घटना के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया है ताकि नक्सलियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा सके और उन्हें जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। प्रशासन ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखते हुए आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है।