खुदयाडीह में अवैध विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, चौका थाना की कार्यशैली पर उठे सवाल
थाने से 3 किमी दूर चलता रहा गोरखधंधा, मिलीभगत और लापरवाही के आरोपों से गरमाया मामला

सरायकेला : चौका थाना क्षेत्र के खुदयाडीह गांव में उत्पाद विभाग की छापेमारी में अवैध विदेशी शराब फैक्ट्री का खुलासा होने के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। छापेमारी के दौरान स्प्रिट से भरे ड्रम और करीब 300 पेटी अवैध शराब बरामद की गई जबकि यह पूरा गोरखधंधा चौका थाना से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर संचालित हो रहा था। ग्रामीणों के अनुसार इस अवैध कारोबार का संचालन टिंकू बेसरा द्वारा किया जा रहा था जो बालू भंडारण की आड़ में लंबे समय से यह धंधा चला रहा था। मामले में प्रकाश मार्डी और डोमन बास्के की संलिप्तता की भी चर्चा है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि थाना क्षेत्र के इतने करीब इतनी बड़ी अवैध फैक्ट्री कैसे संचालित होती रही और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। स्थानीय लोगों ने चौका थाना पर लापरवाही ही नहीं बल्कि संभावित मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार लंबे समय से फल-फूल रहा है जिससे जहरीली शराब के कारण जनजीवन खतरे में पड़ सकता है। इसके बावजूद पुलिस द्वारा समय रहते कार्रवाई नहीं करना चिंता का विषय है। हाल ही में चौका क्षेत्र की सरकारी शराब दुकान पर मारपीट का वीडियो वायरल होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से लोगों का आक्रोश और बढ़ गया है। फिलहाल उत्पाद विभाग जांच में जुटा है लेकिन स्थानीय लोग चौका थाना की भूमिका की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।