ताज़ा-ख़बर

पलामू में भाई ने भाई को कुल्हाड़ी से काट डाला, शराब के नशे में हुआ खूनी विवाद

रिपोर्ट: VBN News Desk3 घंटे पहलेझारखण्ड

सगाई समारोह बना मातम, आरोपी फरार - गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी

पलामू में भाई ने भाई को कुल्हाड़ी से काट डाला, शराब के नशे में हुआ खूनी विवाद

पलामू : जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत ठेकही अंदाग गांव में पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया जहां छोटे भाई ने बड़े भाई की कुल्हाड़ी (टांगी) से काटकर हत्या कर दी। घटना रविवार रात की बताई जा रही है जिसके बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मृतक की पहचान पिंटू भुईयां के रूप में हुई है जबकि आरोपी उसका छोटा भाई सीटू भुईयां बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार परिवार में बड़े भाई के बेटे की सगाई के अवसर पर सभी भाई एकत्रित हुए थे। इस दौरान सभी ने शराब का सेवन किया था। इसी बीच किसी बात को लेकर पिंटू और सीटू के बीच विवाद हो गया जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। गुस्से में आकर सीटू ने टांगी से पिंटू पर हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां से बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन शव को गांव ले जाकर अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे तभी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि शराब के नशे में हुए विवाद के कारण यह घटना हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

इन्हें भी पढ़ें.